हवेली खड़गपुर |पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर नगर के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान एससीएस डीएवी पब्लिक स्कूल, हवेली खड़गपुर के परिसर में शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन हवेली खड़गपुर के एसडीएम राजीव रोशन, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य ए.के. सिंह तथा डीएवी विद्यालय के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार सिंह की गरिमामय उपस्थिति में हुआ।
सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत तिलक-चंदन एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया।



विद्यालय के प्राचार्य सुभाष चंद्रा के कुशल नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रदर्शनी में विज्ञान, सामाजिक विज्ञान के साथ-साथ हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत विषयों से संबंधित विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक परियोजनाएं प्रदर्शित की गईं।
अतिथियों ने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया तथा उनसे परियोजनाओं के वैज्ञानिक महत्व, सामाजिक उपयोगिता और सामूहिक लाभ के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां देकर अतिथियों को प्रभावित किया। एसडीएम राजीव रोशन ने प्रदर्शनी को अत्यंत ज्ञानदायक बताया, जबकि जेएनवी प्राचार्य ए.के. सिंह ने इस आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।



