हवेली खड़गपुर
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 16वीं वाहिनी, जमुई के तत्वावधान में अनुमंडल कार्यालय हवेली खड़गपुर स्थित ‘एफ’ समवाय क्षेत्र में चल रहे सामाजिक चेतना अभियान के दूसरे दिन वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता से संवाद कायम करते हुए युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ना है।
अभियान 16वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देशन में 12 सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन कंपनी कमांडर अनिल कुमार (सहायक कमांडेंट) ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देता है।

टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबला तारापुर और रमनकाबाद की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए तारापुर की टीम विजयी रही। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, एसएसबी के जवान और वॉलीबॉल प्रेमी उपस्थित थे। खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की तालियों ने माहौल को और जोशीला बना दिया।
अभियान के तीसरे दिन, यानी 14 सितंबर को स्कूली बच्चों के लिए 100 मीटर दौड़, जलेबी दौड़ और युवाओं के लिए तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। एसएसबी का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम न केवल युवाओं को नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।



