
Desk report Piyush Kumar Priyadarshi
मुंगेर/तारापुर से बड़ी राजनीतिक खबर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुंगेर जिले के 164 तारापुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को एक दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला। यहां भाजपा के प्रत्याशी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ तारापुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
लेकिन इस नामांकन की सबसे बड़ी चर्चा रही—जदयू के टिकट से वंचित हुए मौजूदा विधायक राजीव कुमार सिंह का सम्राट चौधरी के साथ मंच साझा करना।
जहां आमतौर पर टिकट कटने के बाद बगावत के सुर सुनाई देते हैं, वहीं तारापुर में ठीक उल्टा माहौल दिखा। राजीव सिंह ने न केवल सम्राट चौधरी के साथ नामांकन जुलूस में हिस्सा लिया, बल्कि खुले मंच से उनका समर्थन भी घोषित कर दिया।

राजीव सिंह ने कहा—
> “जब मैं चुनाव लड़ रहा था तब सम्राट भाई मेरे लिए लड़े थे, अब मैं उनके लिए पूरी ताकत से मैदान में रहूंगा। मेरा टिकट कटना कोई नाराजगी का कारण नहीं है। पार्टी और गठबंधन के निर्णय का मैं सम्मान करता हूं।”
वहीं, नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी उसी भावनात्मक अंदाज़ में जवाब दिया—
> “पहले मैं राजीव भाई के लिए लड़ा था, अब वो मेरे लिए लड़ रहे हैं। यही है NDA की एकजुटता। तारापुर ने हमेशा विकास को वोट दिया है, इस बार भी जनता विकास की राह चुनेगी।”
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि तारापुर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में विकास की गंगा बही है।
उन्होंने कहा—
> “यहां इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है, एक्सप्रेस हाईवे तैयार हो चुका है, मरीन ड्राइव का काम तेजी से चल रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में 25 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है और लक्ष्य इसे बढ़ाकर 100 हजार करोड़ तक पहुंचाने का है। बिहार अब विकास के पथ पर अग्रसर है, और यह यात्रा जारी रहेगी।”
नामांकन के दौरान तारापुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में भाजपा-जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग “सम्राट चौधरी जिंदाबाद” और “राजीव सिंह अमर रहे” के नारे लगाते नजर आए।
महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
इस एकजुटता ने यह साफ संकेत दे दिया कि तारापुर में NDA परिवार पूरी तरह एकजुट होकर मैदान में है, और इस बार मुकाबला दिलचस्प लेकिन मजबूत गठबंधन के साथ होगा।








