हवेली खड़गपुर|पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। ठंडी पछुआ हवा और गिरते तापमान के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है और लोग जल्दी अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप और बढ़ जाने से दैनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
ठंड का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, बुजुर्ग एवं छोटे बच्चों पर देखने को मिल रहा है। ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव के सहारे ठंड से बचाव कर रहे हैं, जबकि खुले स्थानों पर रहने वाले बेघर लोगों की परेशानी और भी बढ़ गई है।




इसी को देखते हुए हवेली खड़गपुर अंचलाधिकारी श्री जयप्रकाश द्वारा नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अंबेडकर चौक, पुरानी चौक एवं थाना मोड़ सहित चार प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाया गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
शनिवार को अंचलाधिकारी जयप्रकाश, राजस्व पदाधिकारी आशीष यादव एवं राजस्व कर्मचारी संतोष कुमार ने नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से ठिठुर रहे असहाय एवं बेघर 20 जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। प्रशासन की इस पहल से लोगों ने राहत की सांस ली है।



