हवेली खड़गपुर|पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर अनुमंडल के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भीम बांध का शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रौशन और अंचल अधिकारी जयप्रकाश ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने 1 दिसंबर से सैलानियों के लिए खोले गए इस पर्यटक स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीम बांध परिसर में बने पार्किंग स्थल का अवलोकन किया तथा पार्किंग शुल्क से संबंधित जानकारी ली। इसके अलावा प्रवेश द्वार, गार्डन, महिला एवं पुरुष स्विमिंग पूल, विश्रामगृह सहित अन्य पर्यटक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। सवा लाख बाबा स्थान के समीप स्थित भीम बांध के मुख्य प्रवेश द्वार पर वन विभाग द्वारा लिए जा रहे प्रवेश शुल्क की रसीद, निर्धारित राशि तथा आगंतुकों की पंजी का भी अधिकारियों ने जांच किया।

मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मियों से अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पर्यटकों के आने-जाने के निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। साथ ही भीम बांध परिसर में गंदगी न फैलाने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यटकों को इसके लिए जागरूक करने को कहा।
अधिकारियों ने प्लास्टिक और थर्मोकोल के उपयोग पर विशेष चिंता जताते हुए पर्यटक स्थल परिसर में प्लास्टिक सामग्री एवं थर्मोकोल प्लेट लाने पर रोक लगाने तथा लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र अमूल्य प्राकृतिक संपदा है, जिसकी सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कई सैलानियों से भी बातचीत की और उन्हें भीम बांध की भौगोलिक विशेषताओं, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी।



