हवेली खड़गपुर|पीयूष कुमार प्रियदर्शी
क्रिसमस डे के अवसर पर गुरुवार को हवेली खड़गपुर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खड़गपुर झील सैलानियों से पूरी तरह गुलजार रहा। प्रकृति की हरी-भरी वादियों में बसी यह झील पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए लोगों की पहली पसंद बनी रही। छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ मुंगेर एवं आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे।
झील के मनोरम दृश्य, चारों ओर फैली हरियाली और शांत वातावरण ने सैलानियों को खासा आकर्षित किया। पिकनिक मनाने आए परिवारों और युवाओं के समूह झील के किनारे बैठकर खाना बनाते, गीत-संगीत, बोटिंग का आनंद लेते और आपसी मेलजोल में व्यस्त दिखे।
कई जगहों पर लोग मोबाइल स्पीकर पर संगीत बजाकर जमकर झूमते नजर आए। बच्चों ने झील के आसपास खेल-कूद कर छुट्टी का भरपूर आनंद लिया।







झील घूमने आए सैलानी मोहम्मद तबरेज आलम, अंकित राज, विकास कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे खड़गपुर झील की खूबसूरती के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से सुनते आ रहे थे, लेकिन यहां आकर इसकी प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें चकित कर दिया। सैलानियों ने कहा कि यह स्थान समय बिताने के लिए बेहद शानदार है और यहां की पहाड़ी वादियां देखकर ऐसा महसूस होता है मानो वे अपने जिले में नहीं, बल्कि किसी हिल स्टेशन जैसे नैनीताल या ‘छोटे कश्मीर’ में आ गए हों।
हालांकि सैलानियों ने यह भी कहा कि पर्यटन की दृष्टि से यहां कुछ और विकास की जरूरत है। झील के आसपास बैठने की उचित व्यवस्था, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो यह स्थल और भी आकर्षक बन सकता है।
गौरतलब है कि हर वर्ष 25 दिसंबर के आसपास खड़गपुर झील पर सैलानियों की संख्या में अचानक वृद्धि हो जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पार्किंग स्थल की भी व्यवस्था की गई है। क्रिसमस डे पर उमड़ी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि खड़गपुर झील तेजी से क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है।
#Munger #Bihar #kharagpur_diaries #khragpurjheel #khragpurlake #nature #natureresort #VoiceOfMunger #boating #sunset #MountainVibes



