हवेली खड़गपुर डेस्क
गुरुवार को प्रखंड कार्यालय हवेली खड़गपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त प्राप्त लाभुकों को मनरेगा से मजदूरी भुगतान सुनिश्चित कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य लाभुकों के केवाईसी (KYC) की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करना था।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने की, जबकि प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी हवेली खड़गपुर भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में कार्यपालक सहायक मनोज कुमार एवं सोनी कुमारी, ग्रामीण आवास सहायक संजीव कुमार, उदय कुमार, अजीत कुमार, ब्रजेश कुमार, नवल कुमार, विनोद चौधरी तथा पंचायत रोजगार सेवक शबनम कुमारी एवं उमेश कुमारी की उपस्थिति दर्ज की गई।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर निर्देश दिया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सभी एक्टिव लाभुकों का केवाईसी अविलंब कराया जाए, ताकि उन्हें मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न हो। ग्रामीण आवास सहायकों एवं पंचायत रोजगार सेवकों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही जिन लाभुकों को आवास योजना की तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है, उनकी पंचायतवार सूची तैयार कर संबंधित पंचायतों में आवश्यक कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। अग्रहण, बंधौना, बरुई, कौड़ियां, गंगटा, गोवड्ढा एवं मंझगाय पंचायतों में विशेष रूप से जाकर लाभुकों का केवाईसी कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सर्वे के दौरान जिन लाभुकों का मनरेगा जॉब कार्ड नहीं बन पाया है, उनका जॉब कार्ड शीघ्र बनवाने की जिम्मेदारी पंचायत रोजगार सेवकों को दी जाएगी, ताकि सभी पात्र लाभुकों को योजना का समुचित लाभ मिल सके।




