
हवेली खड़गपुर
भीमबांध परिस्थितिकीय पर्यटन एवं जन सुविधा केंद्र परिसर में स्वीकृत निर्माण कार्य कराए जाने के कारण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। वन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 16 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से अगले आदेश तक पर्यटकों के लिए केंद्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी खड़गपुर वन प्रक्षेत्र रॉबिन आनंद ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान भीमबांध पर्यटन केंद्र में किसी भी प्रकार की पर्यटन गतिविधि संचालित नहीं होगी।
हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुंडा स्थान नाका एवं सोनरवां नाका को पूर्ववत संचालित रखा जाएगा। वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे भीमबांध भ्रमण की योजना फिलहाल न बनाएं और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करें।



