मुंगेर,हवेली खड़गपुर |पियूष कुमार प्रियदर्शी
मुंगेर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने शनिवार को शामपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया और थानाध्यक्ष व संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सिरिस्ता कार्य एवं अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया।
एसपी ने सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। एफआईआर, थाना दैनिकी सहित अन्य अभिलेखों की रियल टाइम इंट्री की स्थिति का जायजा लिया और इसे नियमित व अद्यतन रखने का निर्देश दिया।




इसके साथ ही डायल-112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में थाना में उपलब्ध वाहनों की गुणवत्ता एवं रख-रखाव की भी जांच की गई। महिला हेल्प डेस्क के 24×7 प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का अवलोकन करते हुए पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने आगंतुक पंजी का निरीक्षण किया और सभी आवेदकों को पावती रसीद देने संबंधी बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा तारापुर थाना के लंबित कांडों की अनुसंधानकर्ता वार समीक्षा की गई। एसपी ने थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ताओं को कांडों के शीघ्र निष्पादन एवं अनुसंधान नियंत्रण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।



