हवेली खड़गपुर|पीयूष कुमार प्रियदर्शी
मुंगेर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने सोमवार को हवेली खड़गपुर अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में संचालित दीदी की रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रसोई में उपलब्ध भोजन, साफ-सफाई, व्यवस्था और संचालन प्रक्रिया का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी व्यवस्थाओं से पूरी तरह संतुष्ट नजर आए।
जिलाधिकारी ने स्वयं दीदी की रसोई में भोजन किया तथा भोजन उपरांत नियमानुसार बिल का भुगतान भी किया। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों से अपील करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि वे भी दीदी की रसोई में भोजन करें और सरकारी राशि होने के कारण अनिवार्य रूप से बिल बनवाकर भुगतान करें।




निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जीविका दीदी रसोई इंचार्ज पुर्णिमा से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जीविका दीदियों द्वारा बताई गई कुछ समस्याओं पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीदी की रसोई से अनुमंडलीय अस्पताल के पदाधिकारी, कर्मी, मरीज एवं उनके परिजनों को निश्चित रूप से लाभ मिल रहा है।

जिलाधिकारी ने रसोई की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता एवं प्रबंधन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अत्यंत अल्प दर पर शुद्ध, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो आमजन के लिए अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने संध्याकाल में तैयार होने वाले स्नैक्स का भी निरीक्षण किया और स्वाद की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ भोजन का स्वाद भी उत्तम है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने रसोई की संधारित संचिका (रिकॉर्ड रजिस्टर) का अवलोकन किया, जिसे उन्होंने संतोषप्रद पाया। उन्होंने आम लोगों से भी दीदी की रसोई का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर सिविल सर्जन डॉ रामप्रवेश प्रसाद,अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रौशन, बीडीओ प्रियंका कुमारी, सीओ श्री जयप्रकाश,जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



