Homeप्रदेशखड़गपुर में आधा दर्जन कौओं की मौत से दहशत, ग्रामीणों में बर्ड...

खड़गपुर में आधा दर्जन कौओं की मौत से दहशत, ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका
हर साल सामने आ रही घटना, जांच के लिए पहुंचेगा पशुपालन विभाग


हवेली खड़गपुर प्रखंड के तेघड़ा गांव में बीते 4से 5 दिन से  अचानक आधा दर्जन कौओं के मृत पाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। लगातार हो रही कौओं की मौत से ग्रामीणों में बर्ड फ्लू की आशंका गहराने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले दस से पंद्रह दिनों से गांव के उमाशंकर पासवान के बगीचे में कौओं की लगातार मौत हो रही है, जिससे लोग भयभीत हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि यह पहली बार नहीं है जब तेघड़ा गांव में इस तरह की घटना हुई हो। पिछले कई वर्षों से उक्त बगीचे और आसपास के क्षेत्र में समय-समय पर कौओं की मौत होती रही है। वर्ष 2020 के मार्च माह में प्रखंड के बैजलपुर, तेघड़ा और दुलारपुर गांव में भी दर्जनों कौए मृत पाए गए थे, जिसके बाद पशुपालन विभाग हरकत में आया था। पिछले वर्ष भी तेघड़ा के इसी बगीचे में कई कौओं की मौत से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी।
इस बार भी घटना की सूचना मीडिया कर्मियों द्वारा पशुपालन विभाग को दी गई है। विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वैज्ञानिक जांच नहीं होगी, तब तक मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सकेगा।
जानकारों का मानना है कि आम के मंजर एवं अन्य फसलों में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के बाद कीट-पतंगों को खाने के क्रम में पक्षी प्रभावित हो सकते हैं। पूर्व में भी ऐसी आशंका जताई गई थी कि जहरीले कीटनाशकों के प्रभाव से कौओं की मौत हुई, हालांकि प्रशासन की ओर से बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं की गई थी।
बगीचे के मालिक उमाशंकर पासवान ने बताया कि अचानक कौओं की मौत से वे चिंतित हैं। “पिछले वर्ष भी इसी तरह कई कौए मृत पाए गए थे। हमलोग कारण समझ नहीं पा रहे हैं,” उन्होंने कहा।
इस संबंध में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि तेघड़ा में लगभग प्रत्येक वर्ष इस तरह की घटना सामने आती है। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन एवं प्रवासी पक्षियों के आगमन के दौरान भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। “मृत कौओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। साथ ही संक्रमण की आशंका को देखते हुए मृत पक्षियों को जमीन में सुरक्षित रूप से दफनाया जाएगा,” उन्होंने बताया।
फिलहाल ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सभी की निगाहें अब पशुपालन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे स्पष्ट हो सके कि कौओं की मौत का कारण बर्ड फ्लू है या कोई अन्य वजह।

RELATED ARTICLES
Munger
clear sky
26.6 ° C
26.6 °
26.6 °
60 %
2.3kmh
0 %
Fri
26 °
Sat
38 °
Sun
37 °
Mon
39 °
Tue
37 °

Most Popular

error: Content is protected !!