
हवेली खड़गपुर
अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा में प्रयुक्त खीरे की मांग को देखते हुए बाजार में इसकी कीमतें आसमान छूने लगी हैं। आम दिनों में 30 से 40 रुपये किलो बिकने वाला खीरा शनिवार को 100 रुपये किलो तक पहुंच गया।
अचानक बढ़े दामों से आम उपभोक्ताओं की जेब पर भारी बोझ पड़ा है। कई लोग जहां सामान्य दिनों में कई किलो खीरा खरीदते थे, वहीं शनिवार को अधिकांश श्रद्धालु एक-एक खीरा लेकर ही पूजा करने को मजबूर दिखे।
केवल खीरा ही नहीं, बल्कि केला, सेब और अन्य फलों के दामों में भी भारी उछाल देखा गया। कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मोर पंख की खरीदारी के लिए भी दुकानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाएं, बच्चे और युवा बड़ी संख्या में बाजार पहुंचे, जिससे पूरे शहर में चहल-पहल का माहौल रहा।

पूजा सामग्री खरीदने पहुंचे अभिनव कुमार दिनेश हेंब्रम, सत्या आनंद, रितिक कुमार, मधु देवी,कौशल्या देवी और मीरा देवी समेत अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि “भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर खीरे का विशेष महत्व होता है। बिना खीरे के पूजा अधूरी मानी जाती है। लेकिन अचानक कीमत बढ़ जाने से परेशानी हुई है। पहले कई खीरे खरीदते थे, अब एक ही खीरे से पूजा करनी पड़ेगी।”
त्योहार को लेकर बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही और श्रद्धालु देर शाम तक खरीदारी करते दिखे।




