रिपोर्ट: उमेश कुमार,शेखपुरा(बिहार)
शेखपुरा: जिले में डेंगू के संभावित प्रकोप को देखते हुए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने की।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान
बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं और रोकथाम उपायों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही एंटी-लार्वा रसायनों का नियमित छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।



अस्पताल में पुख्ता इंतजाम
अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि डेंगू मरीजों के त्वरित इलाज के लिए सदर अस्पताल में 30 बेड का समर्पित डेंगू वार्ड बनाया गया है। डीएम ने दवाओं और टेस्ट किट की पर्याप्त उपलब्धता रखने के सख्त निर्देश दिए ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो।
फॉगिंग की जिम्मेदारी तय
– नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग कराने का निर्देश
– सभी पंचायतों के मुखिया के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग और स्वच्छता कार्य कराने का आदेश
जनता से अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि:
1. घर और आसपास पानी जमा न होने दें
2. पूरी बांह के कपड़े पहनें
3. बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं
बैठक में ये रहे मौजूद
उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, DPM स्वास्थ्य, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों के प्रबंधक, चिकित्सा पदाधिकारी एवं हेल्थ कर्मी बैठक में उपस्थित थे।



