हवेली खड़गपुर/ पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर थाना परिसर में बुधवार को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी थाना अध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी मिथिलेश कुमार तिवारी ने की। इस दौरान बीडीओ प्रियंका कुमारी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में शिवरात्रि के अवसर पर होने वाली भीड़-भाड़, पूजा व्यवस्था तथा शिव बारात के निर्धारित रूट पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी आयोजन में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बाबा पंचमुखी नाथ मंदिर में विशेष भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। हवेली खड़गपुर-तारापुर मुख्य मार्ग स्थित पंचवदन मोड़ के समीप पुलिस बल की तैनाती रहेगी, वहीं शिव बारात के मार्ग पर भी पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।


हाल ही में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति से हुई छिनतई की घटना के बाद पुलिस ने आमजनों से सतर्क रहने की अपील की। थाना अध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बैंक से मोटी रकम की निकासी करता है तो वह इसकी सूचना थाना को दे, ताकि पुलिस सुरक्षित घर पहुंचने में सहयोग कर सके। लोगों से डिक्की, झोला आदि में नगदी रखकर भीड़-भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में नहीं घूमने की सलाह दी गई। साथ ही वृद्ध व्यक्तियों को बैंक जाते समय किसी परिजन को साथ ले जाने की अपील की गई।
बैठक के दौरान अवैध शराब बिक्री को लेकर भी हल्की चर्चा की गई और स्पष्ट किया गया कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में सख्ती बरती जाएगी।
इस अवसर पर जदयू नेत्री रेखा सिंह चौहान ने बेहतर पुलिसिंग व प्रशासनिक व्यवस्था के लिए प्रभारी थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी, बीडीओ प्रियंका कुमारी तथा निवर्तमान थाना अध्यक्ष राजेश कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में राजेश कुमार, शंभू केसरी, रजनीश झा, अंजनी ठाकुर, गोरेलाल मंडल, संजय ठाकुर, डॉ. अशोक, अमित कुमार, गजनफर अली खान, इनाम हसन, राकेश चंद्र सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



