
ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर
भागलपुर। शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत दरियापुर स्थित सेंट पॉल एकेडमी विद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस वर्ष ध्वजारोहण से पूर्व विशेष रूप से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण ओत-प्रोत रहा।
प्रातः करीब 9 बजे विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव प्रसाद ने तिरंगा फहराया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
समारोह के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य राजीव प्रसाद ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सच्चा देशभक्त बनने के साथ-साथ देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष रूप से सभी बच्चों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने की अपील की।
समारोह के अंत में विद्यालय के उप प्राचार्य निकोडिमस सोरेन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय प्रशासन समिति के सदस्य एलन क्वाड्रोस की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।



