हवेली खड़गपुर /पीयूष कुमार प्रियदर्शी
अनुमंडल क्षेत्र के टेटिया बंबर स्थित कन्या मध्य विद्यालय टेटिया के शिक्षक उमाशंकर सिंह का स्थानांतरण बक्सर जिले में हो जाने के उपलक्ष्य में विद्यालय परिवार की ओर से विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुमित मानकर ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड मुखिया प्रतिनिधि संजय सिंह ने कहा कि शिक्षक उमाशंकर सिंह पिछले लगभग बारह वर्षों से इस विद्यालय में कार्यरत थे। अपने मृदुभाषी स्वभाव, अनुशासन और समर्पण के कारण वे पूरे प्रखंड के शिक्षक समाज में लोकप्रिय रहे हैं। उनके स्थानांतरण से विद्यालय ही नहीं, बल्कि शिक्षक समुदाय को भी उनकी कमी खलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे जहां भी जाएंगे, अपने ज्ञान और अनुभव से विद्यार्थियों एवं समाज को लाभान्वित करेंगे।

इस अवसर पर शिक्षक अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि उमाशंकर सिंह का व्यवहार अत्यंत ही मिलनसार रहा है, जिसे सभी शिक्षक हमेशा स्मरण रखेंगे। विदाई के दौरान भावुक होते हुए शिक्षक उमाशंकर सिंह ने कहा कि कन्या मध्य विद्यालय टेटिया उनके लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। इस विद्यालय ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है, जिसका लाभ वे अपने नए कार्यस्थल पर अवश्य देंगे।
कार्यक्रम में संजय सिंह, अवनीश कुमार सिंह, सुनील कुमार, योगेंद्र नारायण सिंह, शाहनवाज खान, राधेश्याम यादव, नारद यादव, सुजीत कुमार, सुमन कुमार, विमल कुमार सहित शिक्षिकाएं संध्या कुमारी, मनीषा कुमारी, सोनी कुमारी, निधि कुमारी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



