हवेली खड़गपुर (मुंगेर):
दीपावली और काली पूजा के शुभ अवसर पर आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हवेली खड़गपुर अग्निशमन विभाग की ओर से शुक्रवार को जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत नंदलाल बसु चौक, हाट बाजार और आसपास के पटाखा दुकानों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों को अपने स्टॉल पर बालू, पानी की बाल्टी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी अप्रत्याशित आग की घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
फायर ब्रिगेड टीम ने नगर क्षेत्र के राजा-रानी तालाब, मुजफ्फरगंज, शिवपुर लवगाय, और टेटिया बंबर स्थित काली पूजा पंडालों का भी निरीक्षण किया।
लोगों को बताया गया कि अग्निकांड की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, साथ ही फायर कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर — 7485805908 / 7485805909, टोल फ्री नंबर 101 और 112 — भी साझा किए गए।
सुरक्षा संदेशों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
इस मौके पर अग्निशमन पदाधिकारी राजबल्लभ प्रसाद यादव के नेतृत्व में टीम के सदस्य प्रकाश कुमार, बंटी कुमार, राजीव रंजन और जितेंद्र कुमार शाह मौजूद रहे।





