पीयूष कुमार प्रियदर्शी डेस्क रिपोर्ट
मुंगेर जिले के तारापुर स्थित लोजपा (रामविलास) के प्रधान कार्यालय रामाशीष भवन में नववर्ष के अवसर पर शुक्रवार को भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के संगठन प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोजपा (आर) के राष्ट्रीय सचिव मिथलेश सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिलाध्यक्ष प्रमोद पासवान ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर सांसद अरुण भारती ने दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में मकर संक्रांति कार्यक्रम में व्यस्त रहने के कारण समारोह में शामिल न हो पाने पर खेद जताते हुए पत्र भेजा। अपने संदेश में उन्होंने सभी पत्रकारों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता की सराहना की।
समारोह में तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को डायरी, कलम एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सचिव मिथलेश सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं।
बिना किसी स्थायी सुविधा और कई बार बिना वेतन के पत्रकार दिन-रात कठिन परिस्थितियों में कार्य कर जनता की आवाज को अखबारों और चैनलों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाते हैं। यह सम्मान सांसद की ओर से हर वर्ष नववर्ष के बाद पत्रकारों के लिए दिया जाता है।
जिलाध्यक्ष प्रमोद पासवान ने कहा कि सरकार को पत्रकारों के हित में ठोस कानून बनाकर उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोग अपनी पूरी जवानी समाज को समर्पित कर देते हैं।
अंग क्षेत्रीय संवाददाता संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने आयोजन के लिए लोजपा (आर) परिवार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शशि शेखर राणा , प्रखंड अध्यक्ष संजय ठाकुर,सहित कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पत्रकारों के सम्मान में अपने विचार रखे।



