हवेली खड़गपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय, रमनकाबाद, मुंगेर की ओर से गति निर्धारक कार्यक्रम के तहत हवेली खड़गपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय, कैथी में जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 को लेकर जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को चयन परीक्षा की प्रक्रिया, प्रश्न-पत्र के स्वरूप, आवेदन प्रक्रिया एवं तैयारी के तरीकों की जानकारी देना था।
इस दौरान विद्यार्थियों के लिए नवोदय विद्यालय समिति की मार्गदर्शिका के अनुरूप मॉडल परीक्षा आयोजित की गई। वरिष्ठ शिक्षक के.सी. कुमार ने बताया कि चयन परीक्षा में कुल 100 अंकों के 80 प्रश्न पूछे जाते हैं। इसमें भाषा, गणित, मानसिक योग्यता एवं पर्यावरण विज्ञान से 20-20 प्रश्न शामिल होते हैं। प्रत्येक प्रश्न 1.25 अंक का होता है।

रणजीत कुमार ने विद्यार्थियों को मॉडल प्रश्न-पत्र समझाते हुए परीक्षा की रणनीति की जानकारी दी। वहीं नीरज कुमार एवं के.सी. कुमार ने समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और परीक्षा की तैयारी को लेकर उपयोगी सुझाव दिए।
मॉडल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कक्षा चार, पांच एवं आठ के सभी छात्र-छात्राओं को उपहार स्वरूप कलम दी गई। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विजेश कुमार, शिक्षिका अभिलाषा प्रियदर्शिनी, कविता कुमारी, सुमन कुमारी एवं अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा। जवाहर नवोदय विद्यालय मुंगेर के प्राचार्य अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास एवं सतत परिश्रम के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशन और शिक्षकों के सहयोग से चयन परीक्षा में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।



