हवेली खड़गपुर
नव वर्ष के अवसर पर खड़गपुर झील में शुरू की गई बोटिंग नव वर्ष के दूसरे दिन भी सैलानियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनी रही। शुक्रवार को झील पर बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने बोटिंग का आनंद लिया। उपमुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में बोटिंग एवं वाटर स्पोर्ट्स का शुभारंभ किए जाने के बाद से खड़गपुर झील में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
नव वर्ष के पहले दिन अत्यधिक भीड़ को देखते हुए बोटिंग पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई थी, जबकि दूसरे दिन बोटिंग फिर से शुरू की गई। बोटिंग को लेकर सैलानियों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोग लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। झील परिसर स्थित बोटिंग

स्टेशन और सेल्फी प्वाइंट पर भी दिनभर भीड़ बनी रही।
प्रशासन द्वारा सैलानियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि अभी तक न तो स्थायी टिकट काउंटर बनाया गया है और न ही टिकट सिस्टम से बोटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि बोटिंग की शुरुआत से खड़गपुर झील को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिल रही है। साथ ही सेल्फी प्वाइंट, फोटोग्राफी और वीडियो शूटिंग जैसे कार्यों से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।



