Homeप्रदेशमई में शुरू होगा जनगणना का प्रथम चरण, 25 मई तक पूरा...

मई में शुरू होगा जनगणना का प्रथम चरण, 25 मई तक पूरा करने का लक्ष्य

पीयूष कुमार प्रियदर्शी/मुंगेर


मुंगेर जिले में आगामी 02 से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाले जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी वरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे निर्धारित समय सीमा से पहले ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि 25 मई तक जनगणना कार्य को हर हाल में पूर्ण करने का प्रयास करें, ताकि 31 मई से पहले ही प्रथम चरण समाप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के आलोक में सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना अनिवार्य है। इसके तहत सभी चार्ज ऑफिसर को निर्देशित किया गया है कि वे बुधवार को अपने-अपने क्षेत्रों में सुपरवाइजर और प्रगणकों के साथ बैठक कर उन्हें जनगणना की प्रक्रिया से पूरी तरह अवगत कराएं। साथ ही सभी प्रगणकों के मोबाइल एप को सक्रिय कर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।


भीषण गर्मी और संभावित हीट वेव को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य के समय में बदलाव का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रगणक सुबह 6 बजे से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक ही कार्य करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।


इसके अलावा प्रगणकों को अभी से अपने-अपने क्षेत्रों का नजरी नक्शा तैयार करने और क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना शुरू होने के बाद प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जाएगी, ताकि कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा हो सके।

RELATED ARTICLES
Munger
broken clouds
27.3 ° C
27.3 °
27.3 °
85 %
5.6kmh
56 %
Wed
34 °
Thu
32 °
Fri
34 °
Sat
34 °
Sun
30 °

Most Popular

error: Content is protected !!