हवेली खड़गपुर|पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव में नौ माह पूर्व लापता हुए 10 वर्षीय किशोर के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनकी निशानदेही पर गुरुवार देर रात एक पुराने कुएं से कंकाल और अस्थियां बरामद की गईं। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर किशोर की पहचान वीर कुमार के रूप में की है, जबकि पुलिस ने अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है।






जानकारी के अनुसार, खंडबिहारी गांव निवासी मनीष कुमार सिंह का इकलौता पुत्र वीर कुमार 23 जुलाई 2025 को घर से अचानक लापता हो गया था। उस दिन वह बाजार जाने की जिद कर रहा था। पिता के मना करने के बाद भी वह घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो खड़गपुर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन कर विभिन्न राज्यों में भी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। गुरुवार को गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गांव के एक खंडहरनुमा घर के समीप स्थित कुएं की तलाशी ली गई। पंपसेट की मदद से पानी निकालने के बाद कुएं से कंकाल, अस्थियां और कपड़े बरामद किए गए।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अपहरण से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किशोर का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव को कुएं में छिपा दिया गया था। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और इस दौरान 8 से 10 अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कंकाल काफी पुराना है, इसलिए वैज्ञानिक जांच जरूरी है। एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और डीएनए टेस्ट के बाद ही शव की अंतिम पुष्टि हो सकेगी। एसपी ने भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से उन्हें सजा दिलाई जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और वरीय अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वीर के मामा राजा सिंह ने बताया कि कुएं से मिले कपड़ों के आधार पर ही पहचान संभव हो सकी। उन्होंने आशंका जताई कि शव को किसी डब्बे के सहारे कुएं में डाला गया था ताकि वह ऊपर न आ सके।
परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। वीर परिवार का इकलौता चिराग था, जिसकी हत्या से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।



