मुंगेर। डेस्क
जिले में लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार 20 दिसंबर से 23 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों तथा कोचिंग संस्थानों में दसवीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। आदेश के तहत 11वीं कक्षा एवं उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक पूरी सतर्कता और सुरक्षा उपायों के साथ संचालित की जाएंगी। वहीं जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक संचालित होंगे, जहां नामांकित बच्चों को पूरी सावधानी के साथ पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी स्तर पर उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



