
हवेली खड़गपुर/पीयूष कुमार प्रियदर्शी
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर परिषद मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में अनुमंडल प्रशासन की ओर से ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गृह विभाग से लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और आमजन, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना था। कार्यक्रम में शामिल कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।




वहीं कई कलाकारों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित लघु नाटकों के माध्यम से देश के लिए मर मिटने, त्याग और बलिदान जैसे प्रेरक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रोशन, अंचल अधिकारी जयप्रकाश, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन, सीडीपीओ पुष्पा कुमारी, टेटीया बंबर की बीडीओ निशा राय, सीओ अर्चना कुमारी, हवेली खड़गपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व चेंबर अध्यक्ष संजीव कुमार सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा अनुमंडल, प्रखंड और अंचल कर्मी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में नगर के प्रबुद्धजन योगेश्वर गोस्वामी, डॉ. अशोक, संजय ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि नरेश बिंद, राकेश चंद्र सिंह, रंजीत कुमार उर्फ भोलू सहित सैकड़ों समाजसेवी और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया।



