मुंगेर। डेस्क रिपोर्ट
हवेली खड़गपुर में नव निर्मित अवर निबंधन कार्यालय भवन का उद्घाटन आज बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। उद्घाटन के उपरांत भवन को आम जनता की सेवा हेतु समर्पित कर दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अवर निबंधन कार्यालय के विस्तार की मांग कर रही थी। सरकार ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए भवन निर्माण का निर्णय लिया। लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह भवन अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी यहां निबंधन कार्य संचालित होता था, किंतु नए भवन के निर्माण से अब कार्यों का निष्पादन अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से उन्नत तरीके से किया जा सकेगा। इससे आम नागरिकों को संपत्ति निबंधन संबंधी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी।
जिले के सर्वांगीण विकास पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर सहित पूरे मुंगेर जिले का चहुंमुखी विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास की गति तेज हुई है और मुंगेर निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है।
जनता को मिला विकास का नया उपहार
नए अवर निबंधन कार्यालय भवन के उद्घाटन से हवेली खड़गपुर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। आधुनिक भवन, सुव्यवस्थित काउंटर एवं तकनीकी संसाधनों से लैस यह कार्यालय प्रशासनिक सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया



