Homeदेश - विदेशदेश में एलपीजी की आपूर्ति सुचारू, किसी भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर स्टॉक खत्म...

देश में एलपीजी की आपूर्ति सुचारू, किसी भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर स्टॉक खत्म होने की कोई सूचना नहीं : सरकार



सोनू कुमार पत्रकार

दिल्ली: सरकार ने कहा है कि पूरे देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। आज नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव, सुजाता शर्मा ने कहा कि पूरे देश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है और किसी भी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर स्टॉक खत्म होने की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि रिफाइनरियां अपनी अधिकतम क्षमता पर काम कर रही हैं और एलपीजी कनेक्टिविटी में भी वृद्धि हुई है।

श्रीमती शर्मा ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए, कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बहाली लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि इस साल मार्च से अब तक सात लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 7.50 लाख नए उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों में, लगभग 1.40 करोड़  एलपीजी बुकिंग प्राप्त हुईं, जिनमें से लगभग 1.39 करोड़  बुकिंग की आपूर्ति कर दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि इस महीने की पहली तारीख से अब तक, लगभग 83,500 टन कमर्शियल एलपीजी की बिक्री हुई है, जबकि पिछले तीन दिनों में 23,820 टन से अधिक की बिक्री हुई।

बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव मुकेश मंगल ने कहा कि 90 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी और 20 से अधिक चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे दो जहाज कल रात ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से गुजर गए हैं और उनके इस महीने की 16 तारीख को पहुंचने की उम्मीद है। श्री मंगल ने बताया कि भारतीय व्यापारिक जहाज ‘MSV हाजी अली’, जो सोमालिया से संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह की यात्रा पर था, कल तड़के ओमान के जलक्षेत्र में एक घटना का शिकार हो गया। उन्होंने कहा कि जहाज पर आग लग गई थी, जिसके बाद कथित तौर पर जहाज डूब गया। उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों को ओमान के तटरक्षक बल द्वारा सुरक्षित बचा लिया गया है और वे बंदरगाह पर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित अधिकारी पिछले 22 घंटों से लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि 158 नाविकों को सुरक्षित रूप से स्वदेश वापस लाया गया है और पूरे भारत में बंदरगाहों का संचालन सामान्य रूप से चल रहा है। श्री मंगल ने यह भी उल्लेख किया कि पिछले 72 घंटों में इस क्षेत्र में भारतीय जहाजों और भारतीय नाविकों से जुड़ी किसी अन्य घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।

RELATED ARTICLES
Munger
light rain
29.6 ° C
29.6 °
29.6 °
75 %
3.7kmh
100 %
Sat
35 °
Sun
33 °
Mon
28 °
Tue
31 °
Wed
34 °

Most Popular

error: Content is protected !!