हवेली खड़गपुर में रविवार, 16 अगस्त की अहले सुबह अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक आवास में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पाया।






जानकारी के अनुसार, चिकित्सक आवास के प्रवेश द्वार के पास सीढ़ी पर लगे बिजली के पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी ने आसपास रखे कार्टून, जूते-चप्पल और कागज को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते परिसर में धुआं फैल गया। सुबह आवास से धुआं निकलते देख अस्पताल में मौजूद लोगों की नजर पड़ी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
अग्निशमन कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस दौरान आवास के अंदर खड़ी बाइक को भी सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात रही कि 15 अगस्त के कार्यक्रम के बाद बीती रात आवास में कोई मौजूद नहीं था। बताया जाता है कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी इसी आवास में रहते हैं। समय पर आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।



