हवेली खड़गपुर। जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक नचिकेता मंडल ने जदयू नेता सह पूर्व मुखिया रंजन बिंद के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान रंजन बिंद एवं समर्थकों ने विधायक को बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


विधायक के पहुंचने की जानकारी पर उनके आवास पर पहुंचे कई फरियादियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। विधायक ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। वहीं छात्रों ने भी अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। छात्रों की ओर से क्षेत्र में लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा मांझी टोला में नल-जल योजना से जुड़ी परेशानियों की जानकारी भी दी गई।
विधायक नचिकेता मंडल और रंजन बिंद ने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।







