ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर
भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड स्थित लिटिल स्टार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पॉजिटिव मिशन परिवार के संयोजक व भागलपुर कोर्ट के सत्यजीत कुमार सत्यम उपस्थित रहे। वहीं चंदा कुमारी एवं नरेश चंद्र यादवेंदु की विशिष्ट उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विद्यालय के निदेशक इंजीनियर शारवेन्दु ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना विद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश के भविष्य हैं और उन्हें जिम्मेदार, संस्कारी एवं देशभक्त नागरिक बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या स्वाति कुमारी ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



