रिपोर्ट: पीयूष कुमार प्रियदर्शी(बिहार)
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित किसान समृद्धि सम्मेलन में जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद राधा मोहन सिंह के आग्रह पर मेडिकल कॉलेज अब शहर से दूर नहीं बल्कि बरियारपुर एयरपोर्ट के समीप बनाया जाएगा। 20 करोड़ की लागत से अटल कला भवन का निर्माण होगा, जो कला-संस्कृति को नया मंच देगा।
उन्होंने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के साथ मोतिहारी में नई चीनी मिल भी स्थापित की जाएगी, जिससे गन्ना किसानों को स्थानीय बाजार और रोजगार मिलेगा।






एयर कनेक्टिविटी पर सीएम ने कहा कि रक्सौल, वाल्मीकिनगर और मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट का काम चल रहा है, वहीं बरियारपुर में रात में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए ATC व्यवस्था विकसित की जाएगी।
छात्रों के लिए 700 केंद्रों पर JEE-NEET की तैयारी की सुविधा दी जाएगी, जरूरत पड़ने पर रात में भी डिजिटल क्लास उपलब्ध होगी।
सीएम ने बताया कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से 1.90 करोड़ में से 1.70 करोड़ उपभोक्ताओं का बिल जीरो आ रहा है। छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ की 1000 टीमें गठित की गई हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सांसद राधा मोहन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



