रिपोर्ट: उमेश कुमार,शेखपुरा(बिहार)
शेखपुरा: माय भारत (MY Bharat) जिला सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

डीएम ने कहा कि माय भारत पोर्टल पर अधिकतम संख्या में युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और शैक्षणिक संस्थानों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और लक्ष्य के अनुरूप पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में माय भारत के नोडल पदाधिकारियों एवं कैंपस एम्बेसडरों के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा, ताकि संस्थागत स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
युवा क्लबों को जोड़ा जाएगा पोर्टल से
बैठक में युवा क्लब विकास समिति (YCDC) के गठन और सभी युवा क्लबों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक युवा क्लबों को पोर्टल से जोड़कर उन्हें सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में शामिल किया जाए।
एक्सपीरियेंशियल लर्निंग प्रोग्राम होगा शुरू
डीएम ने बताया कि संबंधित विभागों के समन्वय से अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम (Experiential Learning Program) का नियमित संचालन किया जाएगा। इससे युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही माय भारत, शेखपुरा के सुचारु संचालन के लिए किसी सरकारी भवन में किराया-मुक्त कार्यालय उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी विचार कर आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर माय भारत कार्यक्रम को जिले में सफल बनाने और अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया गया।
बैठक में सभी कॉलेजों के प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला उद्योग पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



