अंचलाधिकारी की मौजूदगी में सीएससी वीएलई व कर्मियों ने लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल सेवाओं के प्रति किया जागरूक
हवेली खड़गपुर (मुंगेर):
सीएससी दिवस के अवसर पर गुरुवार को हवेली खड़गपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित अंचल कार्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सीएससी बिहार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल इंडिया अभियान और सीएससी की विभिन्न सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम में अंचलाधिकारी जय प्रकाश के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। इस दौरान राजस्व अधिकारी आशीष कुमार यादव, अंचल नाजिर दीपू कुमार, एलडीसी सुनीता कुमारी, अंचल अमीन अभिनाश कुमार, सीएससी वीएलई विवेक कुमार , पीयूष कुमार प्रियदर्शी, ऋतिक कुमार, शशि कुमार सहित अंचल कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। साथ ही उपस्थित लोगों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रमाण पत्र, पेंशन एवं अन्य ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई। लोगों से अधिक से अधिक डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने और डिजिटल इंडिया अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया गया। सीएससी दिवस पर आयोजित इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और पर्यावरण संरक्षण के साथ डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में इसे एक सकारात्मक कदम बताया।



