हवेली खड़गपुर के रतैठा स्थित प्रसिद्ध औघड़ महादेव शिव-पार्वती मंदिर में एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति और ग्रामीणों के सहयोग से 501 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। संध्या समय देवाधिदेव महादेव का श्रृंगार पूजन भी संपन्न हुआ।
यह धार्मिक अनुष्ठान विद्वान पंडित श्री सच्चिदानंद ठाकुर के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से संपन्न हुआ। दीप प्रज्ज्वलन से पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा।






कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। महिलाओं द्वारा मंगल गीत प्रस्तुत किए गए और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। महाआरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। ग्रामीणों ने बताया कि श्रावण मास में हर वर्ष इस शिव मंदिर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। दीपोत्सव इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष चंदन कुमार चंचल, सचिव रौशन कुमार, परिमल पाठक, आर्यन तनय अचल पाठक, चंदन पाठक, राहुल पाठक उपस्थित थे।



