प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बिहार की सभी 8500 पंचायतों में लगेगा पंचायत विकास दिवस शिविर
मुख्यमंत्री ने टेटिया बंबर को पीडब्ल्यूडी सड़क से जोड़ने की घोषणा की, देवघरा इको टूरिज्म परियोजना का भी किया निरीक्षण

टेटिया बंबर मुंगेर से पीयूष कुमार प्रियदर्शी
मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत टेटिया बंबर प्रखंड रविवार को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जगन्नाथ उच्च विद्यालय परिसर से पूरे राज्य में “पंचायत विकास दिवस” कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को बिहार की सभी 8500 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा, जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण विकास को नई गति देना है।






मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी थी। मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। पंचायती राज विभाग द्वारा विभागीय उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया एवं जीविका दीदी ने अपने सफलता की कहानी मंच से सुनाई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) आधारित नौ थीमों पर लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इनमें गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा, सुशासन युक्त गांव तथा महिला हितैषी पंचायत से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।बरसंडा डिग्री कॉलेज का शुभारंभ करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि टेटिया बंबर का क्षेत्रफल काफी बड़ा है और यह जंगल-पहाड़ से घिरा इलाका है। इसी वजह से यहां एक नहीं बल्कि दो डिग्री कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में टेटिया बंबर ऐसा एकमात्र प्रखंड होगा, जहां दो डिग्री कॉलेज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि टेटिया बंबर से शुरू हुआ यह अभियान पूरे बिहार के पंचायतों में विकास का नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस शिविर आयोजित कर पंचायतों की समस्याओं की समीक्षा की जाएगी तथा विकास कार्यों का रोडमैप तैयार कर उसी अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने टेटिया बंबर के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि लंबे समय से पथ निर्माण विभाग की मुख्य सड़क से वंचित प्रखंड मुख्यालय को शीघ्र ही पीडब्ल्यूडी सड़क से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के सचिव को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे तारापुर क्षेत्र के लोगों के ऋणी हैं और यहां के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार के सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद बिना उचित कारण किसी मरीज को अनुमंडल या सदर अस्पताल से रेफर किए जाने पर संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भुना पंचायत सरकार भवन पहुंचे, जहां उन्होंने 2 करोड़ 54 लाख की लागत से नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा भवन का निरीक्षण किया। इसके उपरांत वे नोनाजी पंचायत स्थित देवघरा पहुंचे, जहां लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इको टूरिज्म परियोजना का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा विवाह मंडप, कॉरिडोर एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री देवघरा हेलीपैड से सिंधुवारी जलाशय योजना का एरियल सर्वे करते हुए पटना के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पूरे प्रखंड में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल, यातायात, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई थी, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अमृत प्रत्यय, जिला प्रभारी मंत्री संजय मांझी, जमुई सांसद अरुण भारती, मुंगेर विधायक प्रणय कुमार, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता, प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, डीएम निखिल धनराज, एसपी सैयद इमरान मसूद, एसडीएम राजीव रौशन, सीईओ अर्चना कुमारी, बीडीओ निशा राय, वन क्षेत्र पदाधिकारी रॉबिन आनंद सहित वन विभाग एवं जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।



