पीयूष कुमार प्रियदर्शी
टेटिया बंबर प्रखंड के बनहरा पंचायत में रविवार को आयोजित जनसभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। अपने विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री का ग्रामीणों ने माला और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर जिले में सड़क, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है, अब प्राथमिकता औद्योगिक विकास को दी जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश देने की बात कही कि उद्योग स्थापना के लिए सस्ती दरों पर भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और देश में हो रही एआई क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में यह तकनीक किसानों के लिए वरदान साबित होगी। दूर बैठे ही खेतों की फसलों की स्थिति की निगरानी संभव होगी और समय पर उचित सलाह मिल सकेगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने मुंगेर की ऐतिहासिक गन फैक्ट्री क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की जानकारी दी। साथ ही बागरा जलाशय योजना, खड़गपुर झील से भीमबांध तक पर्यटन विकास, नई फोरलेन सड़कों के निर्माण और सिंचाई के लिए गंगा जल पहुंचाने की योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को भारी समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि वे प्रत्येक सप्ताह दो दिन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित करते हैं।



