हवेली खड़गपुर
मुंगेर जिले के प्रसिद्ध ऋषिकुंड धाम में शनिवार को मलमास मेला का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेला का उद्घाटन जमालपुर के विधायक नचिकेता, जदयू जिला अध्यक्ष सौरभ निधि, हवेली खड़गपुर अनुमंडलाधिकारी राजीव रोशन एवं डीसीएलआर द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर विधायक नचिकेता ने कहा कि ऋषिकुंड में आस्था का महासंगम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के प्रयास से ऋषिकुंड स्थल का काफी विकास हुआ है और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि मुंगेर जिले का ऋषिकुंड मलमास मेला काफी प्रसिद्ध है तथा यहां का गर्म जल कुंड और तपोभूमि धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मलमास के दौरान यहां स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है।
जदयू जिला अध्यक्ष सौरभ निधि ने कहा कि ऋषिकुंड धाम मलमास मेला 17 मई 2026 से प्रारंभ होकर पूरे एक माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकुंड ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है और यहां के गर्म जल कुंड का धार्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व भी है।
मौके पर जदयू मीडिया सेल अध्यक्ष ब्यास कुमार शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी सिंह, संजय झा, पुरुषोत्तम कुमार सिंह, मनोज हिमांशु, संजय सिंह, अमरजीत कुमार, मुखिया अशोक मंडल, किन्नू कुमार, रविशंकर कुमार, सरपंच विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।



