बिहार|पटना
हर माह 10 तारीख को मनाया जाएगा ‘बिहार पेंशन दिवस’, 97.84 लाख लाभार्थियों के खाते में भेजे गए 1,423.94 करोड़ रुपये
पटना। बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए प्रत्येक माह की 10 तारीख को ‘बिहार पेंशन दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से आयोजित कार्यक्रम में 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1,423.94 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। इस राशि में तीनों राज्य पेंशन योजनाओं के जून 2026 तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) की मई एवं जून 2026 की पेंशन शामिल है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में सभी जिलों के जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पेंशनधारी लाभार्थी जुड़े। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को सभी पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में समय पर पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए सभी पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर और पंचायत विकास दिवस के दौरान लोगों से संवाद कर पात्र लाभार्थियों की पहचान करें तथा जिनका आधार बैंक खाते से लिंक नहीं है, उनका आधार शीघ्र लिंक कराया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशन वितरण पूरी तरह समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और वंचित वर्गों की सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये किए जाने से लाखों जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



