पीयूष कुमार प्रियदर्शी
हवेली खड़गपुर प्रखंड के बरुई पंचायत अंतर्गत तेघड़ा गांव निवासी आराध्य कश्यप ने एमबीबीएस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, गांव और मेडिकल कॉलेज का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आराध्य कश्यप हरि सिंह महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य स्वर्गीय सुभाष झा के पौत्र तथा अमिताभ चंद्र झा के पुत्र हैं। वह गोव्नेंट शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, हजारीबाग के एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र हैं। हाल ही में घोषित एमबीबीएस परीक्षा परिणाम में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

अपनी सफलता पर आराध्य कश्यप ने कहा कि यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, नियमित अध्ययन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मेडिकल कॉलेज के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए ईमानदारी से प्रयास किया जाए तो कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती।
आराध्य के पिता अमिताभ चंद्र झा ने कहा कि बेटे की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि लगन, अनुशासन और सतत प्रयास से किसी भी कठिन लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
आराध्य की सफलता की खबर मिलते ही तेघड़ा गांव में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
आराध्य के चचेरे दादा अनंत झा ने कहा कि उनकी उपलब्धि गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं चाचा निशांत झा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पोते की सफलता ने परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। इस अवसर पर अनिमेश झा, आलोक झा, निशांत झा, चंदन झा, अमरेश कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने आराध्य कश्यप को बधाई देते हुए उनके सफल चिकित्सकीय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




