रिपोर्ट: उमेश कुमार,शेखपुरा(बिहार)
शेखपुरा: जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में नीति आयोग की समीक्षा बैठक हुई। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत शेखपुरासराय प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर फोकस:
डीएम ने जिले के 3 प्रखंडों में 6 डिलीवरी पॉइंट्स को मजबूत करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य उप-केंद्रों के भवन निर्माण व जीर्णोद्धार का कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया। पानापुर उप स्वास्थ्य केंद्र को समयसीमा में पूरा करने का सख्त आदेश दिया गया। बरबीघा रेफरल अस्पताल में ‘दीदी की रसोई’ का छत ढलाई कार्य पूरा हो चुका है, प्लास्टर का काम जारी है।
शिक्षा को मिलेगा डिजिटल बूस्ट:
‘प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग’ से प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल बनाया जाएगा। 84 स्कूलों में लर्निंग हब विकसित हो रहे हैं। जिले में हाई-टेक इंटरएक्टिव क्लासरूम और हर प्रखंड में ई-लाइब्रेरी-कम-ईबुक सेंटर स्थापित होगा। ‘शिक्षा और स्वास्थ्य आंगन’ परियोजना पर विशेष जोर दिया गया।
महिलाओं के लिए रोजगार के द्वार:
समाहरणालय परिसर में जीविका दीदियों की ‘दीदी की कैफे’ बनकर तैयार है। अगरबत्ती उत्पादन इकाई का सिविल कार्य पूर्ण हो चुका है, इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। वस्त्र निर्माण व प्रशिक्षण केंद्र का विस्तार होगा।
आंगनबाड़ी व साइबर सुरक्षा:
SC बहुल प्रखंडों में समेकित बाल विकास योजना मजबूत होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘मेड इन इंडिया’ खिलौनों की खरीद पूरी हो चुकी है और सेविकाओं का प्रशिक्षण भी पूरा हो गया है। सभी 6 प्रखंडों में “Azadi from CYBER SCAM” जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
डीएम ने कहा कि इन योजनाओं से स्वास्थ्य-शिक्षा में सुधार होगा और ग्रामीण महिलाओं-युवाओं को रोजगार मिलेगा। जिला प्रशासन सभी कार्यों की सघन मॉनिटरिंग कर रहा है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, नीति आयोग के नोडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन समेत कई अधिकारी मौजूद थे।



