ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर अनितेश कश्यप
कम उम्र के बच्चों ने तैराकी में दिखाया दम, गोवरांय गांव का बढ़ाया मान
भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड स्थित गोवरांय गांव के तीन होनहार बच्चों ने तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव के ऋषिदेव कुमार, संजना कुमारी और शिवचरण कुमार ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर प्रतियोगिता में ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित लोग उनकी सराहना करने को मजबूर हो गए।
जानकारी के अनुसार ऋषिदेव कुमार की उम्र 13 वर्ष, संजना कुमारी की उम्र 10 वर्ष तथा सबसे छोटे प्रतिभागी शिवचरण कुमार की उम्र मात्र 8 वर्ष है। इतनी कम उम्र में इन बच्चों की तैराकी कला और आत्मविश्वास ने आयोजकों को भी प्रभावित किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने पानी में बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।

बच्चों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए भागलपुर जिले से पहुंची चयन टीम ने अगले दौर की तैराकी प्रतियोगिता के लिए तीनों बच्चों का पंजीयन भी कर लिया है। यह जानकारी बच्चे के नाना दीपक कुमार ने दी।
इस उपलब्धि से गोवरांय गांव सहित पूरे शाहकुंड प्रखंड में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इन बच्चों को उचित प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं मिलती रहें तो आने वाले समय में ये राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
बच्चों के कोच शंभू पंडित, पिता विद्यानंद सागर ने बताया कि तीनों बच्चे बचपन से ही काफी तेज और मेहनती रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की लगन और नियमित अभ्यास का ही परिणाम है कि इतनी कम उम्र में वे तैराकी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में ये बच्चे और आगे बढ़कर जिले व राज्य का नाम रोशन करेंगे।



