ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर अनितेश कश्यप
भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत सजौर की रहने वाली छात्रा श्रुति सिंह ने सीबीएसई 10वीं परीक्षा में संत पॉल एकेडमी, दरियापुर में छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्रुति की इस उपलब्धि से पूरे सजौर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
श्रुति की माता अनुप्रिया देवी ने बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही है। उसकी लगन और नियमित अध्ययन का ही परिणाम है कि उसने यह सफलता हासिल की है। वहीं पिता संदीप कुमार ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित है और उन्हें उस पर पूरा भरोसा है कि वह आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करेगी।
दादी उर्मिला देवी ने भी खुशी जताते हुए कहा कि श्रुति आगे चलकर और भी बड़ी सफलता हासिल करेगी तथा परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी। इस अवसर पर सजौर मंडल भाजपा के महामंत्री सह वार्ड सदस्य प्रतिनिधि ओम प्रकाश शाह ने श्रुति की सराहना करते हुए उसे डायरी और कलम देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे सजौर मंडल के लिए गर्व की बात है।
श्रुति की सफलता को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा जा रहा है और लोग उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं।



